यूरिया खाद के लिए हाहाकार, खाद की कमी होने से परेशान किसान ने कृषि पदाधिकारी को कर दी पिटाई
जिले में हर तरफ खाद के लिए हाहाकर मचा हुआ है। मांग के अनुसार खाद की खेप नहीं पहुंचने की वजह से आए दिन हंगामा हो रहा है।
उपलब्ध खाद की तुलना में खाद खरीदने वाले किसानों की संख्या काफी अधिक है। विक्रय केद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग जा रही है और हंगामे की स्थिति बन जा रही है। सोमवार को गोह प्रखंड मुख्यालय के इफको गोदाम पर यूरिया खाद वितरण के क्रम में अनियंत्रित भीड़ ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी विजय कुमार दास की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसमें वे घायल हो गए। उन्हें पीटते देख अन्य कर्मियों ने दौड़कर उनकी जान बचाई। कर्मियों ने भीड़ से निकालकर उन्हें नजदीक निजी अस्पताल में ले गए। वहां प्राथिमक उपचार के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभिनव चंद्रा ने बेहतर इलाज के लिए वरीय अधिकारी की सलाह पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते जिला कृषि पदाधिकारी रणवीर सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल बीएओ से मिल उनका हाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कुछ असमाजिक तत्व एक छोटी बच्ची को लाइन में लगा दिए थे। जब उन्होंने मना किया तो उनपर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में संबधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की बात पदाधिकारी ने कही।
निजी वाहन से अस्पताल भेजे गए बीएओ
गोह में खाद के लिए किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। अधिकारी मार खा रहे थे। घायल अधिकारी को जब रेफर करने की बात हुई तब अस्पताल में एंबुलेंस मौजूद नहीं था। जिला कृषि पदाधिकारी ने अस्पताल की कुव्यवस्था की जानकारी सिविल सर्जन को दी। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब एक घायल पदाधिकारी को अस्पताल प्रबंधक एम्बुलेंस मुहैया नहीं करा सकता है तो आम आदमी की सुविधा कैसे मिल सकती है। रविवार को एक एम्बुलेंस सर्विसिंग में गई थी जो नहीं आयी थी।
गोह में जब भीड़ अनियंत्रित हो गई तो बीडीओ ने इसकी जानकारी डीएम को दी। डीएम के आदेशानुसार अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी राजेश कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। साथ ही गोह, उपहारा, बन्देया, देवकुंड व हसपुरा थाना के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। बीडीओ मनोज कुमार व सीओ मुकेश कुमार पूरे दिन भर डटे रहे। अधिकारियों ने ने बताया कि प्रखंड में 4000 हजार बोरा यूरिया उपलब्ध कराया गया है, जबकि लोगों की भीड़ 10 हजार के आसपास हो गई। सोमवार को सिर्फ कूपन देने का काम किया गया। इफको गोदाम गया-दाउदनगर मुख्य मार्ग के किनारे होने के कारण लगभग 500 मीटर तक किसानों की लंबी कतार लगी रही। गोह थानाध्यक्ष शमीम अहमद, बन्देया थानाध्यक्ष रामायण कुमार, उपहारा थानाध्यक्ष रामराज सिंह, देवकुंड थानाध्यक्ष सुभाष सिंह, हसपुरा थानाध्यक्ष मनोज सिंह किसानो को कतार को लगाने में जुटे रहे। भीड़ अधिक होने के कारण इस मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
यूरिया खाद की किल्लत सिर्फ यहीं नही है इसकी कमी पूरे बिहार में है, यूरिया की कमी का हाल यह है कि प्रशासन को यह काम देखना पड़ रहा है। प्रशासन के देख रख में ही यूरिया किसानों को दिया जा रहा है। बात की जाए दूसरे जगहों की तो खाद का आवंटन प्राप्त होते ही दुकान पर किसानों की लंबी कतार लग जा रही है। हर दुकान पर आवंटन की तुलना में किसानों की संख्या अधिक देखी जा रही है।
इससे स्पष्ट है कि किसानों को अभी और खाद की जरूरत है। कृषि समन्वयक डॉ वीरेंद्र ने बताया कि सोमवार को प्रखंड के विभिन्न पैक्स व दुकानों में तकरीबन 2000 बैग यूरिया उपलब्ध था जिसका वितरण कृषि कर्मियों की देखरेख में कराया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी के हवाले से उन्होंने बताया कि जिले को कृभको का लगभग 995 मैट्रिक टन, आईपीएल का 500 मैट्रिक टन, कोरोमंडल का 600 मेट्रिक टन यूरिया मिलने वाला है। अभी 2185 मैट्रिक टन इफको का यूरिया एवं यारा कम्पनी का 650 मैट्रिक टन यूरिया दुकानों तक पहुंच गया है जिसका वितरण कराया जा रहा है।
ओबरा में अलग-अलग काउंटर के माध्यम से किया गया खाद का वितरण
प्रखंड मुख्यालय के अलग-अलग काउंटर से यूरिया खाद का वितरण किया गया। जानकारी देते हुए बीएओ ने बताया कि ओबरा एवं अरंडा में 53 सौ बैग खाद का वितरण किया गया है। सभी काउंटरों पर यूरिया खाद की मारामारी बरकरार रही। बीएओ ने बताया कि मंगलवार को बिस्कोमान संस्था में दो हजार खाद की वितरण किया जाएगा। इसके लिए सारी तैयारी पूरी है।
मदनपुर में 41 सौ बोरी यूरिया का आवंटन
मदनपुर प्रखंड को 41 सौ बोरा यूरिया खाद का आवंटन प्राप्त हुआ है। इससे किसानों को थोडी राहत मिली है। प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह ने बताया कि बिस्कोमान में 17 सौ बोरा और 8 अलग-अलग पैक्सों 3-3 सौ बोरा खाद उपलब्ध कराया गया है। महुआवां, पिरथु, चेई नवादा, उतरी उमगा, दक्षिणी उमगा तथा घटराईन आदि पैक्स को खाद आवंटित किया गया है जिसका वितरण किसानों के बीच किया जा रहा है।
जिले में पहुंच रही यूरिया की बड़ी खेप
जिले में मंगलवार को बड़ी मात्रा में यूरिया की खेप पहुंच गई है। इस आशय की जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी रणवीर सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि कृभको का लगभग 995 मिट्रिक टन, आईपीएल का 500 मिट्रिक टन, कोरोमंडल का 600 मिट्रिक टन यूरिया पहुंच गया है। कृषि कर्मियों को उन्होंने कहा है कि किसी भी सूरत में खाद की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। सरकार के जीरो टॉलरेंस की नीति का हर हाल में अनुपालन होना चाहिए।
Post a Comment for "यूरिया खाद के लिए हाहाकार, खाद की कमी होने से परेशान किसान ने कृषि पदाधिकारी को कर दी पिटाई"