Skip to content Skip to sidebar Skip to footer

सावा लाख मतदाता 227 बूथों पर करेंगें मतदान, 26 सितंबर को होगी वोटों की काउंटिंग


 सदर प्रखंड की 15 पंचायतों के 227 बूथों पर शुक्रवार को मतदान होगा। कुल एक लाख 26 हजार 432 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 66 हजार 953 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 59 हजार 478 महिला मतदाता हैं। एक थर्ड जेंडर भी है। गुरुवार को जिला मुख्यालय से क्लस्टर सेंटर के लिए मतदान कर्मियों को रवाना किया गया। किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज से ईवीएम लेकर कर्मी गंतव्य के लिए रवाना हुए।


इधर गेट स्कूल में पोलिंग पार्टी और पुलिस का मिलान हुआ। जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड अंतर्गत 227 बूथों पर मतदान होगा। इसमें 10 सहायक मतदान केंद्र भी हैं। दो चलंत बूथ बनाए गए हैं जबकि पांच मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं। इन मिश्रित बूथों पर चार पुरुष चुनाव कर्मी जबकि दो महिला चुनाव कर्मी मौजूद रहेंगी। दो मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही 125 पेट्रोलिंग पार्टी को देख-रेख का जिम्मा दिया गया है। 60 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इस संबंध में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि रविवार को 26 सितंबर को किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज में काउंटिंग की व्यवस्था की गई है। सुबह 8 बजे से यहां काउंटिंग शुरू हो जाएगी। दो पदों को छोड़कर शेष का ईवीएम से चुनाव कराया जा रहा है। दो पदों के लिए बैलेट पेपर की व्यवस्था की गई है। सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया है।

99 प्रत्याशी चुने गये हैं निर्विरोध

सदर प्रखंड अंतर्गत 99 लोगों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य के रूप में दो लोगों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ है। इसके अलावा ग्राम कचहरी पंच के रूप में 97 लोगों का निर्वाचन हुआ है। इसमें 46 पुरुष जबकि 51 महिला उम्मीदवार हैं। चुनाव लड़ने वाले कुल प्रत्याशियों की संख्या वर्तमान में 1525 है। जिला परिषद सदस्य के लिए 22, मुखिया के लिए सौ, पंचायत समिति सदस्य के लिए 124, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 955, सरपंच के लिए 80 और ग्राम कचहरी पंच के लिए 244 उम्मीदवार मैदान में हैं।


मतदान संबंधी शिकायतों के लिए निम्न नंबरों पर करें फोन

जिला नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर- 1800-345-1604


जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर- 06186-295039 , 06186-295041 , 06186-295043 , 06186-295045 , 06186-295046


जिला पदाधिकारी- 9473191261


पुलिस अधीक्षक- 9431822974


एडीएम- 9473191262


सदर एसडीओ- 9473191263


सदर एसडीपीओ- 9431800106



दो सौ मीटर की परिधि में नहीं होगा उम्मीदवार का काउंटर

मतदान को लेकर कर्मियों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। बताया गया है कि मतदान के दिन सुबह 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम, पिंक पेपर सील, ग्रीन पेपर सील, स्पेशल टैग, आउटर स्ट्रिप सील व मतपत्र पीठासीन पदाधिकारी को उपलब्ध कराना है। मतदान केंद्र पर अनुपस्थित पीठासीन व मतदान अधिकारियों की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना देनी है। 5.30 बजे सुबह सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोल सुनिश्चित किया जाएगा। ईवीएम कार्य नहीं करने पर उसे ठीक करवाने या बदलवाने की सूचना अविलंब नियंत्रण कक्ष को देनी होगी। मॉक पोल के बाद सीआरसी ( क्लोज, रिजल्ट क्लियर) करना होगा। 7 बजे सुबह वोटिंग शुरू कर दी जाएगी। मतदान केंद्र की दो सौ मीटर की परीधि के अंदर किसी उम्मीदवार के द्वारा बूथ नहीं लगाया जाएगा। मतदान केंद्र पर प्रतिनियुक्त बल मतदान के बाहर रहेंगे। विधि व्यवस्था को लेकर यदि पीठासीन पदाधिकारी द्वारा पुलिसकर्मियों एवं पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा तभी वे अंदर जाएंगे। मतदान केंद्र पर पहचान संबंधी निर्णय केवल पीठासीन पदाधिकारी ही करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए 16 वैकल्पिक आईडी कार्ड की सूची सभी पोलिंग टीम को उपलब्ध कराई गई है। पुलिसकर्मियों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति के अस्त्रत्त्-शस्त्रत्त् लेकर चलने पर रोक रहेगी। मतदान केंद्र के सौ मीटर के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल पीठासीन पदाधिकारी, प्रेक्षक, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट, पीसीसीपी, निर्वाची पदाधिकारी व डीएम करेंगे। अन्य व्यक्तियों के लिए इसके उपयोग की मनाही होगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाताओं को स्वेच्छा से मतदान करने में कोई बाधा न आए। मतदाताओं को लाने को उम्मीदवार गाड़ी का उपयोग नहीं करेंगे।मतदान समाप्ति के निर्धारित समय बाद इसमें प्रतिनियुक्त कर्मी आवश्यक प्रक्रिया को पूरा करेंगे और मतदान सामग्री निर्धारित प्राप्ति केंद्र में जमा करेंगे। मतदान केंद्र से वज्रगृह तक बिना ठहरे यात्रा करनी है

भयमुक्त चुनाव के लिए प्रशासन ने कसी कमर

सदर प्रखंड अंतर्गत भयमुक्त तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। 17 सौ पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर पीठासीन पदाधिकारी के अलावा पांच अन्य कर्मी मौजूद रहेंगे। गुरुवार को जिला मुख्यालय में गेट स्कूल परिसर में अधिकारियों और कर्मियों को डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कई निर्देश दिए।


संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि कर्मियों के उपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। त्रुटिरहित चुनाव संपन्न कराना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर निष्पक्ष तरीके से पूरी प्रक्रिया संपन्न होनी चाहिए। सभी कर्मियों और अधिकारियों के उपर यह दायित्व है कि पूर्व के चुनाव की तरह इस चुनाव को भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। किसी तरह की परेशानी होने पर वरीय स्तर पर इसकी सूचना दें। जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां लोग अपनी शिकायत कर सकेंगे। चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


जोनल, सुपर जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा एसडीपीओ, एसडीओ और अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके अलावा पूरी पुलिस टीम मुस्तैद रहेगी। कहा गया कि चुनाव के दौरान सभी कर्मी सतर्कता पूर्वक निर्देशों का पालन करेंगे। ईवीएम में गड़बड़ी होने पर इसकी सूचना टीम को देंगे। बताया गया कि ईवीएम में मामूली गड़बड़ी होने की स्थिति में उसे ठीक किया जाएगा जिसके लिए कर्मियों की तैनाती की गई है। मॉक पोल को भी सावधानी पूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि पहली बार सभी पंचायतों में ईवीएम से मतदान होना है और सुविधा के साथ-साथ यह बड़ी चुनौती भी है। मशीनों को सही तरीके से शुरू करना व निर्धारित समय पर बंद करने के तरीके के बारे में पूर्व में भी जानकारी दी गई थी, इसलिए किसी तरह की गड़बड़ी ना होने दें। समस्या होने पर वरीय अधिकारियों से संपर्क करें। मौके पर एडीएम आशीष कुमार सिन्हा, डीडीसी अंशुल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, सदर एसडीओ विजयंत, वरीय उपसमाहर्ता आलोक कुमार आदि उपस्थित रहे

Post a Comment for "सावा लाख मतदाता 227 बूथों पर करेंगें मतदान, 26 सितंबर को होगी वोटों की काउंटिंग"